पूर्वोत्तर भारत में समय से पहले आए मानसून ने भीषण तबाही मचाई है। दक्षिण मिजोरम के लॉन्ग्टलाई शहर में शुक्रवार रात करीब 10:30 बजे भारी बारिश के कारण हुए भूस्खलन से पांच मकान और एक होटल जमींदोज हो गए, जिसमें कई लोगों के दबे होने की आशंका है।
मलबे में म्यांमार के नागरिको के भी फसे होने की संभावना जताई जा रही है| राहत कार्य में राज्य आपदा प्रतिक्रिया बल (SDRF), भारतीय रिज़र्व बटालियन और यंग लाई एसोसिएशन के स्वयंसेवक जुटे हुए हैं।
वहीं, असम के कामरूप (मेट्रो) जिले में भूस्खलन की घटनाओं में बच्चों समेत पांच लोगों की मौत हो चुकी है। गुवाहाटी समेत कई हिस्सों में जलभराव की स्थिति है और करीब 10,150 लोग प्रभावित हुए हैं।
सिक्किम में तीस्ता नदी उफान पर है और कई इलाकों में पानी भर गया है। त्रिपुरा, मेघालय, अरुणाचल प्रदेश, मणिपुर और नगालैंड में भी जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है। मौसम विभाग ने अगले सात दिनों तक इन राज्यों में भारी से बहुत भारी बारिश का पूर्वानुमान जताया है। त्रिपुरा में तेज हवाओं और बारिश के कारण उड़ान सेवाएं प्रभावित हुई हैं और रेड अलर्ट जारी किया गया है।