क्या बजट में मनेगी मिडिल क्लास की दिवाली : टैक्स में छूट, सस्ता पेट्रोल और क्या-क्या हाेगा वित्त मंत्री के पिटारे में ?

News Delhi, Jai Hind News

1 फरवरी 2026 का दिन देश के कराेड़ाें करतादाओं और हर नागरिक के लिए बड़ा दिन है। कल सुबह 11 बजे वित्त मंत्री संसद में बजट 2026 (Union Budget 2026) पेश करेंगी। बजट सिर्फ देश के विकास के लिए पैसाें का बंटवारा नहीं है बल्कि हर भारतीय के लिए उम्मीद की किरण हाेता है। यह बजट मिडिल क्लास के लिए दिवाली मनाने जैसी खुशियां लाएगा या पहले से महंगाई की मार झेल रहे लाेगाें की जेब पर भारी पड़ेगा, यह बजट खुलने पर पता चलेगा। आर्थिक विशेषज्ञों की मानें तो इस बार का बजट ‘लोक लुभावना’ होने के साथ-साथ मिडिल क्लास को बड़ी राहत देने वाला हो सकता है।

क्या 10 लाख तक की कमाई होगी टैक्स फ्री?

टैक्स की सीमा इस बार के बजट का सबसे बड़ा विषय है। सबसे बड़ी चर्चा इनकम टैक्स (Income Tax) को लेकर है। मिडिल क्लास की लंबे समय से मांग है कि पुरानी और नई टैक्स व्यवस्था में छूट की सीमा बढ़ाई जाए। कयास लगाए जा रहे हैं कि स्टैंडर्ड डिडक्शन (Standard Deduction) को 50,000 रुपये से बढ़ाकर 1 लाख रुपये किया जा सकता है। अगर सरकार नई टैक्स व्यवस्था के तहत 7 लाख की छूट को बढ़ाकर 10 लाख रुपए करती है, तो यह नौकरीपेशा वर्ग के लिए किसी बड़ी जीत से कम नहीं होगा। लंबे समय से देश का बड़ा वर्ग इस राहत की उम्मीद लगाए बैठा है। यह देश के लाेगाें के लिए राहत साबित हाेगा और सरकार के लिए एक प्रकार की उपलब्धि।  

सस्ता होगा पेट्रोल और डीजल?

लंबे समय से हर बजट में देखने में आता है कि आम आदमी की जेब पर सबसे बड़ा हमला पेट्रोल-डीजल और रसोई गैस की कीमतों से होता है। हर बजट में ये कीमतें कम हाेने के बजाय बढ़ती दिखाई देती है। जयहिंद न्यूज के विश्लेषण के अनुसार, सरकार कच्चे तेल की कीमतों में आई गिरावट का लाभ सीधे जनता को देने के लिए पेट्रोल-डीजल पर लगने वाली एक्साइज ड्यूटी में कटौती का ऐलान कर सकती है। इसके अलावा, चुनाव से पहले घरेलू गैस सिलेंडर की कीमतों में 100 से 200 रुपये की बड़ी राहत मिलने के पूरे आसार हैं।

‘अपना घर’ का सपना होगा आसान?

प्राॅपर्टी सेक्टर पूरे देश के लिए सबसे ज्यादा संभावनाओं वाला क्षेत्र है। इसे बूस्ट देने के लिए सरकार होम लोन के ब्याज (Section 24b) पर मिलने वाली छूट को 2 लाख से बढ़ाकर 3 लाख या उससे अधिक कर सकती है। अगर ऐसा होता है, तो पहली बार घर खरीदने वालों के लिए ईएमआई (EMI) का बोझ काफी कम हो जाएगा। इससे न सिर्फ महंगाई कम हाेगी, बल्कि आम लाेगाें के लिए घर खरीदना काफी आसान हाेगा।

किसानों और युवाओं के लिए बड़े ऐलान ?

सरकार के लिए रक्षा, शिक्षा, किसान और स्वास्थ्य इस बार के बजट के केंद्र में हाे सकते हैं। अग्निवीरों और युवाओं के लिए नए रोजगार गारंटी प्रोग्राम शुरू किया जा सकता है। पीएम-किसान सम्मान निधि की राशि को भी 6000 से बढ़ाकर 9000 रुपए सालाना करने की चर्चा जोरों पर है, जो ग्रामीण अर्थव्यवस्था में जान फूंकने का काम करेगा। इस तरह के प्रयास हुए ताे युवाओं और किसानाें के लिए नए रास्ते खुलेंगे।

क्या-क्या हो सकता है महंगा और सस्ता?

  • सस्ता हो सकता है: मोबाइल फोन, इलेक्ट्रिक गाड़ियाँ (EV), सोलर पैनल और खेती के उपकरण।

  • महंगा हो सकता है: सिगरेट, शराब, इंपोर्टेड लग्जरी कारें और सोना-चांदी (अगर कस्टम ड्यूटी बढ़ी)।

(उक्त जानकारी और विश्लेषण विशेषज्ञाें के अनुमान पर आधारित है। इसमें संशाेधन संभव है।)

Leave a Comment