– भाजपा के पूर्व नगर उपाध्यक्ष पवन जायसवाल ने अपने जन्मदिन पर की अनूठी पहल
– सामाजिक कार्यकर्ता सुनील शिवहरे और उनके समर्थकों ने बच्चों की शिक्षा के लिए दिया सहयोग
इंदौर। “सभ्य समाज और सशक्त राष्ट्र की नींव शिक्षा पर टिकी होती है और पुस्तकें उस नींव को मजबूती देने वाला सबसे सशक्त माध्यम हैं। जब समाज का जिम्मेदार नागरिक अपने विशेष दिन को आडंबर के बजाय शिक्षा के प्रचार-प्रसार से जोड़ता है, तो वह एक नई प्रेरणा को जन्म देता है।” इस बात को चरितार्थ करते हुए भाजपा के पूर्व नगर उपाध्यक्ष पवन जायसवाल ने अपने जन्मदिन के अवसर पर फिजूलखर्च और दिखावे की परंपरा को दरकिनार करते हुए जनसेवा और शिक्षा के प्रति अपनी अटूट निष्ठा का परिचय दिया है। उन्होंने शुभचिंतकों से फूल-मालाएं या महंगे उपहार न लेते हुए निर्धन व जरूरतमंद बच्चों की शिक्षा के लिए पुस्तकें भेंट करने की अपील की।
श्री जायसवाल की इस संवेदनशील और दूरदर्शी पहल का स्वागत करते हुए शहरवासियों ने भरपूर सहयोग दिया। सकारात्मक सोच के साथ समाज हित के सभी पुनीत कार्यों में योगदान देने वाले सुनील शिवहरे, एडवाेकेट गाैरव शर्मा (मामा) और उनके साथी ईश्वर नायक सहित कई समर्थकों ने पुस्तकें भेंट कीं व अन्य लोगों को भी इसके लिए प्रेरित किया। साथ ही सन्नी मिश्रा, अमन सिलावट, अक्षय चौथवानी, चेतन चौधरी सहित कई साथियों ने श्री जायसवाल के निवेदन को सहर्ष स्वीकारते हुए जरूरतमंद बच्चों के भविष्य को उज्ज्वल बनाने के लिए पुस्तकें भेंट कीं। शिक्षा के प्रकाश को समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुँचाने की इस अनुकरणीय पहल ने सेवा के एक नए मार्ग को प्रशस्त किया है।
