इंदौर: मध्यप्रदेश की पहचान सिर्फ उसके ऐतिहासिक शहरों और पर्यटन स्थलों से नहीं, बल्कि हर इलाके के अपने खास स्वाद से भी है। ग्वालियर की बेडमाई पूरी और आलू की सब्जी से लेकर भोपाल के पारंपरिक स्वाद, जबलपुर की मिठास और मालवा के जायकों तक, प्रदेश के अलग-अलग हिस्सों की अपनी अलग फूड पहचान है। इन्हीं क्षेत्रीय स्वादों को एक जगह लाने के उद्देश्य से एसेंशिया लक्ज़री होटल इंदौर में ‘एमपी स्टेट हाईवे’ फूड फेस्टिवल शुरू हो गया है। 20 से 30 अगस्त तक शाम 7:30 बजे से ब्लू साल्ट एंड कॉफी में होने वाले इस फेस्टिवल में मध्यप्रदेश के अलग-अलग शहरों और क्षेत्रों के पारंपरिक व्यंजनों को एक ही मेन्यू में शामिल किया गया है।
फेस्टिवल में प्रदेश के अलग-अलग हिस्सों के लोकप्रिय स्वादों को एक साथ पेश किया जा रहा है। मेन्यू में स्थानीय व्यंजनों के साथ ऐसे पारंपरिक स्वाद भी शामिल हैं, जो संबंधित शहर या क्षेत्र की पहचान माने जाते हैं। फूड फेस्टिवल की थीम मध्यप्रदेश के अलग-अलग शहरों से होकर गुजरते एक हाईवे की तरह रखी गई है, जिसमें हर पड़ाव के साथ एक अलग शहर और उसका खास स्वाद सामने आता है।
फेस्टिवल में मालवा, चम्बल, निमाण और बुंदेलखंड जैसे क्षेत्रों के स्वाद को प्रमुखता दी गई है। उद्देश्य सिर्फ अलग-अलग व्यंजन परोसना नहीं, बल्कि मध्यप्रदेश के खान-पान की विविधता को एक ही जगह पर सामने लाना है। इसके जरिए स्थानीय व्यंजनों और उनसे जुड़े क्षेत्रीय स्वादों को शहर के लोगों और बाहर से आने वाले मेहमानों तक पहुंचाने की कोशिश की जा रही है।
एसेंशिया लक्ज़री होटल इंदौर के एग्जीक्यूटिव शेफ छवि कुमार ने कहा, “मध्यप्रदेश का खान-पान बहुत विविध है और हर क्षेत्र के पारंपरिक व्यंजनों के पीछे अपनी एक कहानी और स्वाद की पहचान है। इस फूड फेस्टिवल में हमारी कोशिश रही है कि इन स्वादों को उनके मूल अंदाज के करीब रखते हुए मेन्यू में शामिल किया जाए। अलग-अलग क्षेत्रों के व्यंजनों को एक साथ तैयार करना हमारी फूड टीम के लिए भी एक अलग तरह का अनुभव है।”
एसेंशिया लक्ज़री होटल इंदौर के जनरल मैनेजर शिवेंद्र सिंह परिहार ने कहा, “किसी प्रदेश की संस्कृति को समझने का एक रास्ता उसके खान-पान से भी होकर जाता है। मध्यप्रदेश में कुछ ही दूरी पर स्वाद और खाने की शैली बदल जाती है। एमपी स्टेट हाईवे की कल्पना इसी विविधता को एक अनुभव में जोड़ने की थी, ताकि मेहमान एक ही जगह पर प्रदेश के अलग-अलग हिस्सों के स्वाद को जान और महसूस कर सकें।”