डॉक्टर्स डे और वर्ल्ड म्यूजिक डे पर सजेगी सुरों की महफिल

इंदौर शहर के चिकित्सकों का प्रतिष्ठित सांस्कृतिक समूह स्पंदन परिवार पिछले 35 वर्षों से चिकित्सा सेवा और संगीत साधना के अनूठे संगम की परंपरा को आगे बढ़ाते हुए इस वर्ष भी डॉक्टर्स डे एवं वर्ल्ड म्यूजिक डे संयुक्त रूप से मनाने जा रहा है। इसी कड़ी में रविवार, 28 जून 2026 को शाम 6 बजे से लाभ मंडपम ऑडिटोरियम, खेल प्रशाल, इंदौर में संगीतमय संध्या “सुर जी कल स्ट्राइक” का आयोजन किया जाएगा। कार्यक्रम में शहर के चिकित्सक कलाकार अपनी सुरीली प्रस्तुतियों से श्रोताओं को पुराने और नए मधुर गीतों की मनमोहक यात्रा पर ले जाएंगे।

इस वर्ष के आयोजन की विशेष आकर्षण प्रसिद्ध न्यूरोसर्जन एवं गिनीज बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड्स में अपना नाम दर्ज करा चुके डॉ. दीपक कुलकर्णी रहेंगे, जो पहली बार स्पंदन डॉक्टर्स टीम का हिस्सा बन रहे हैं। कार्यक्रम में उपस्थित दर्शकों को उनसे रूबरू होने का अवसर मिलेगा और वे उनके सुरों का जादू भी सुन सकेंगे। आयोजन में डॉ. हेमंत मंडोवरा, डॉ. अमित वर्मा, डॉ. प्रमोद नीमा, डॉ. अतुल भट्ट, डॉ. पिनाक भटनागर, डॉ. रूचि शाह, डॉ. मून जैन, डॉ. निकिता भटनागर सहित कई चिकित्सक कलाकार अपनी प्रस्तुतियां देंगे। कार्यक्रम का संचालन डॉ. संजय कुमार लोंढे करेंगे, जबकि संगीत संयोजन अभिजीत गौड़, कपिल राठौर एवं साथी कलाकारों द्वारा किया जाएगा।

स्पंदन परिवार के सदस्य एवं आयोजन से जुड़े वरिष्ठ चिकित्सक डॉ. मनोज भटनागर ने कहा कि चिकित्सकों का जीवन अत्यंत व्यस्त और जिम्मेदारियों से भरा होता है, ऐसे में संगीत उन्हें मानसिक संतुलन, सकारात्मक ऊर्जा और नई प्रेरणा प्रदान करता है। उन्होंने कहा कि स्पंदन परिवार पिछले तीन दशकों से अधिक समय से समाज के बीच यह संदेश पहुंचा रहा है कि डॉक्टर केवल मरीजों का उपचार ही नहीं करते, बल्कि कला और संस्कृति के माध्यम से समाज से भावनात्मक जुड़ाव भी बनाए रखते हैं।

Leave a Comment